रायपुर। खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की स्थिति एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली सामने आई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की स्टेट फूड सेफ्टी इंडेक्स 2023-24 की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ को 25वां स्थान मिला है। राज्य का कुल स्कोर करीब 30.75 अंक रहा, जो खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत को दर्शाता है।
रिपोर्ट के अनुसार नियमों के पालन और उपभोक्ता सशक्तीकरण के मामले में राज्य का प्रदर्शन कमजोर रहा। नियमों के अनुपालन में छत्तीसगढ़ को 36 में से केवल 7 अंक मिले, जबकि उपभोक्ता सशक्तीकरण में 10 में से महज 0.5 अंक हासिल हुए। खाद्य परीक्षण संबंधी बुनियादी ढांचे और निगरानी व्यवस्था में भी कमियां सामने आई हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रदेश में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, नमूना परीक्षण और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। विशेष रूप से छोटे होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य कारोबारियों की निगरानी मजबूत करने की जरूरत है।
विशेषज्ञों का मानना है कि खाद्य सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण, पर्याप्त प्रयोगशालाएं, प्रशिक्षित अमला और कार्रवाई की पारदर्शी व्यवस्था जरूरी है। इससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा।