बिलासपुर में ‘सुपर विजन’ टीम का गठन

Date: 2026-05-27
news-banner

छत्तीसगढ़ ,बिलासपुर में ‘सुपर विजन’ टीम का गठन: अब फाइलों में नहीं अटकेंगे विकास कार्य

शहरों में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार, गुणवत्ता पर उठते सवाल और अधूरे प्रोजेक्ट्स की समस्या को दूर करने के लिए नगर प्रशासन ने “सुपर विजन” व्यवस्था लागू की है। इस नई प्रणाली के तहत टेक्निकल सपोर्ट यूनिट (टीएसयू) के माध्यम से इंजीनियर कॉर्डिनेटर्स की टीम गठित की गई है, जो विकास कार्यों की शुरुआत से पूर्णता तक तकनीकी निगरानी करेगी।

नगर निगम और नगर पालिकाओं में अब बड़े निर्माण कार्य, सड़क, नाली, भवन, जलप्रदाय और सामुदायिक परियोजनाओं की मॉनिटरिंग एक ही तकनीकी सिस्टम के जरिए होगी। कॉर्डिनेटर्स प्रोजेक्ट के प्राक्कलन, बिल ऑफ क्वांटिटी, टेंडर प्रक्रिया और साइट पर गुणवत्ता की नियमित जांच करेंगे। इससे तकनीकी मानकों (स्टैंडर्ड नॉर्म्स) का सख्ती से पालन सुनिश्चित होगा और सड़कों के जल्दी टूटने जैसी शिकायतें कम होंगी।

इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य अधूरे प्रोजेक्ट्स, घटिया निर्माण और गलत अनुमान के कारण होने वाली सरकारी धन की बर्बादी को रोकना है। परियोजना प्रबंधन एंड-टू-एंड होने से शिकायतों के समाधान में भी तेजी आएगी। जिला, संभाग और राज्य स्तर पर तकनीकी टीमों की निगरानी से कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

योजनाओं में 15वें वित्त आयोग मद, जल प्रदाय योजनाएं, नगरीय अधोसंरचना, मुख्यमंत्री शहरी विकास योजनाएं और सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं। प्रशासन का मानना है कि यह पहल विकास कार्यों को समय पर पूरा करने, गुणवत्ता सुधारने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगी।


Leave Your Comments