हैदराबाद में मिलावटी चाय पत्ती बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
हैदराबाद। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की कार्रवाई में मिलावटी चाय पत्ती बनाने और सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। एडल्टरेशन सर्विलांस टीम (ए-फास्ट) ने शहर के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली चाय पत्ती, कृत्रिम रंग और मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की। इस कार्रवाई में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी असम से लाई गई सस्ती चाय पत्ती में सिंथेटिक फूड कलर, गुड़ का घोल और लकड़ी के बुरादे जैसी सामग्री मिलाकर उसे अलग-अलग ब्रांड नामों से पैक कर बाजार में बेच रहे थे। छापों के दौरान करीब 30 टन मिलावटी चाय पत्ती, 1500 किलो एक्सपायर्ड चाय पत्ती, आर्टिफिशियल रंग और लगभग 100 किलो गुड़ बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह माल शहर के कई थोक बाजारों और छोटी दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं को सावधान करते हुए बताया कि नकली चाय की पहचान कुछ सरल तरीकों से की जा सकती है। चाय पत्ती ठंडे पानी में डालते ही तुरंत रंग छोड़ दे तो मिलावट की आशंका होती है, जबकि असली चाय धीरे-धीरे रंग छोड़ती है। पत्तियों को उंगलियों के बीच रगड़ने पर हाथ पर रंग लगना भी मिलावट का संकेत है। गीले कागज पर पत्ती दबाने से गहरा रंग छूटे, तो उसमें कृत्रिम रंग मिला हो सकता है। असली चाय की खुशबू हल्की व प्राकृतिक होती है, जबकि नकली में तेज या अजीब गंध आती है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसी मिलावटी चाय से पेट संबंधी समस्याएं, एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य जोखिम बढ़ सकते हैं।