एसआईटी ने 100 से अधिक लोगों से की पूछताछ

Date: 2026-06-18
news-banner

एसआईटी ने 100 से अधिक लोगों से की पूछताछ

अयोध्या। 18 जून 2026

श्रीराम मंदिर में चढ़ावे के गबन मामले में एसआईटी की जांच तेज हो गई है। मंगलवार को दूसरे दिन भी जांच टीम ने मंदिर परिसर में सात घंटे से अधिक समय तक छानबीन की। अब तक ट्रस्ट के पदाधिकारियों, पुजारियों, बैंक अधिकारियों समेत 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। सूत्रों के अनुसार, 40 से 50 लोगों के नाम संदेह के घेरे में हैं, जिनकी भूमिका की जांच चल रही है।

सीसीटीवी फुटेज को इस मामले में अहम सबूत माना जा रहा है। एसआईटी प्रमुख एवं मंडलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत, लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन सुबा सुबह 11 बजे मंदिर पहुंचे। टीम सीधे ट्रस्ट कार्यालय गई और वहां दस्तावेजों की जांच की।

धर्मसेना भारत के प्रमुख संतोष दुबे ने दानपात्रों से करोड़ों रुपये तथा आभूषणों के गबन का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों और मंदिर कार्यालय के कर्मचारी टिन्नू दुबे समेत कई लोगों के नाम हैं। आरोप है कि दानपात्रों की रकम और आभूषणों का लेखा-जोखा नहीं रखा गया। 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि व कीमती सामान गबन करने का गंभीर आरोप लगा है।

फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। एसआईटी इस पूरे प्रकरण में प्रमाण जुटाने में जुटी हुई है। मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों का कहना है कि वे पूर्ण सहयोग कर रहे हैं। इस मामले ने पूरे देश में चर्चा बटोर ली है क्योंकि श्रीराम मंदिर भक्तों के आस्था का केंद्र है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है।


Leave Your Comments