बिलासपुर में ‘उल्लास’ शपथ के साथ जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का भव्य आयोजन
बिलासपुर: जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव (सत्र 2026-27) के दौरान एक भव्य ‘उल्लास शपथ’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री माननीय तोखन साहू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री माननीय अरुण साव, विधायक माननीय सुशांत शुक्ला , महापौर श्रीमती पूजा विधानीऔर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सही बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्त्ता शामिल हुए। इस अवसर पर जिले के कलेक्टर संजय अग्रवाल , आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ,मु का अधि जिप संदीप अग्रवाल जिशिअ रामेश्वर जायसवाल जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता जितेंद्र पाटले सहित बड़ी संख्या में जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने समाज को पूर्ण साक्षर बनाने का संकल्प लिया।
क्या है उल्लास कार्यक्रम?
‘उल्लास’ (ULLAS - नव भारत साक्षरता कार्यक्रम) केंद्र सरकार की एक विशेष पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के उन नागरिकों को साक्षर बनाना है जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए।
इसके प्रमुख पहलू निम्नलिखित हैं:
बुनियादी शिक्षा: अक्षर ज्ञान के साथ-साथ बुनियादी संख्यात्मक कौशल सिखाना।
महत्वपूर्ण जीवन कौशल: नागरिकों को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना।
स्वयंसेवा की भावना: यह कार्यक्रम पूरी तरह से स्वयंसेवी शिक्षकों और सामाजिक सहभागिता (कर्तव्य बोध) पर आधारित है।
इस अभियान के जरिए देश के प्रत्येक नागरिक को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर "जन-जन साक्षर" बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।