छत्तीसगढ़ ने लॉन्च किया एआई रोडमैप, देश का अग्रणी टेक हब बनने का लक्ष्य

Date: 2026-07-03
news-banner

छत्तीसगढ़ ने लॉन्च किया एआई रोडमैप, देश का अग्रणी टेक हब बनने का लक्ष्य

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने बुधवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) रोडमैप जारी कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तैयार इस व्यापक योजना का उद्देश्य शासन को अधिक प्रभावी बनाना, कुशल कार्यबल तैयार करना और राज्य को देश के प्रमुख एआई हब के रूप में स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी विभाग की समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि एआई का उपयोग उत्पादकता बढ़ाने, रोजगार सृजन और सेवाओं को तेज, पारदर्शी व नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किया जाए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सार्वजनिक सेवाओं सहित सभी क्षेत्रों में मजबूत एआई इकोसिस्टम विकसित करने पर जोर दिया।

यह योजना पांच स्तंभों — स्किलिंग, इनोवेशन, जागरूकता, रिस्पॉन्सिबल एआई और एआई-ड्रिवन गवर्नेंस — पर आधारित है। स्कूली बच्चों के लिए जागरूकता कार्यक्रम, रोबोटिक्स क्लब, हैकाथॉन, कॉलेज सर्टिफिकेशन कोर्स, आईटीआई लैब्स और छात्र प्रोजेक्ट ग्रांट्स जैसे पहल शामिल किए गए हैं। राज्य एआई डेटा लैब्स, क्लाउड सपोर्ट, सीड फंडिंग और स्टार्टअप प्रमोशन के लिए इंडस्ट्री-एकेडेमिया सहयोग बढ़ाएगा।

नीति में डेटा प्राइवेसी, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। सभी विभाग अपने-अपने एआई रोडमैप तैयार करेंगे तथा क्षेत्रीय भाषा सेवाओं के लिए भाषिणी प्लेटफॉर्म का उपयोग करेंगे।

सरकार का मानना है कि इस रोडमैप से छत्तीसगढ़ न केवल तकनीकी रूप से आगे बढ़ेगा बल्कि युवाओं को आधुनिक रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल राज्य को आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 


Leave Your Comments