त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनकर कार्यालय के वॉशरूम में मृत मिले
अगरतला। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनकर सोमवार को पुलिस मुख्यालय स्थित अपने आधिकारिक कार्यालय के वॉशरूम में मृत पाए गए। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना पर गहरा दुख और सदमा व्यक्त किया। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री सहित मुख्य सचिव और गृह सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पुलिस मुख्यालय पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली है। उन्होंने दिवंगत अधिकारी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में परिवार को दुख सहने की शक्ति मिले। पुलिस अधिकारी को तत्काल जीबीपी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद विपक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। विधानसभा में विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने त्रिपुरा हाईकोर्ट की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) गठित कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है और इसके लिए विशेष कैबिनेट बैठक बुलाकर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
रिपोर्ट के अनुसार, 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग धनकर की उम्र करीब 60 वर्ष थी और वे लगभग 11 महीने बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे। उन्हें पिछले वर्ष राज्य का पुलिस प्रमुख नियुक्त किया गया था। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि स्थायी डीजीपी के लिए कम से कम दो वर्ष का निश्चित कार्यकाल निर्धारित होता है। घटना के कारण पुलिस विभाग और प्रशासन में शोक का माहौल है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।