एसी के इंडोर पैनल में धमाका, बेडरूम में लगी आग

Date: 2026-07-28
news-banner

एसी के इंडोर पैनल में धमाका, बेडरूम में लगी आग

बिलासपुर के इमलीपारा में शनिवार दोपहर एक रहस्यमय हादसा हो गया। बेडरूम में लगे स्प्लिट एसी के इंडोर पैनल में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही कमरे में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते कमरे में रखे कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्य उस समय कमरे में नहीं थे, इसलिए बड़ी दुर्घटना टल गई।

इमलीपारा निवासी इंद्रजीत सिंह उर्फ लकी के घर में यह हादसा हुआ। परिवार को धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वे बाहर निकले तो देखा कि कमरे से धुआं और आग निकल रही है। पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। करीब 20 मिनट बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया। कमरे में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। मकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन जान की कोई क्षति नहीं हुई।

एक्सपर्ट के अनुसार एसी के इंडोर यूनिट में लीकेज और स्पार्किंग से खतरा बढ़ जाता है। रेफ्रिजरेंट लीक, वायरिंग की खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण अक्सर आग लग जाती है। सिंगापुर में कुछ समय पहले इसी तरह के हादसे में एक महिला की मौत हो चुकी है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि एसी की नियमित सर्विसिंग कराएं और वायरिंग की जांच जरूर करवाएं। इससे ऐसे हादसों का खतरा काफी कम हो सकता है। परिवार ने राहत की सांस ली है कि समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल गए।


Leave Your Comments