बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित नवागांव से सामाजिक उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित संतोष साहू ने आरोप लगाया है कि मार्च 2023 में बीमारी और खराब आर्थिक स्थिति के कारण धार्मिक आयोजन का चंदा न दे पाने पर गांव के दबंगों ने उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया।
आजीविका पर संकट और परिजनों को धमकियां
पीड़ित के अनुसार, बहिष्कार के बाद उनका 'हुक्का-पानी' बंद कर दिया गया और उनके घर आने-जाने या बातचीत करने वालों पर 2,500 रुपये का जुर्माना लगाने का फरमान सुनाया गया। इतना ही नहीं, खेत को अधिया (बटाई) में लेने वालों और मजदूरों तक को सामाजिक बहिष्कार की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक संदेश भेजकर उन्हें अपमानित किया जा रहा है।
कलेक्टर से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
रतनपुर थाने और एसपी जनदर्शन में शिकायत के बाद भी समाधान न मिलने पर पीड़ित ने अब बिलासपुर कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने करीब 35 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर रतनपुर थाना प्रभारी को कठोर व नियमानुसार जांच का निर्देश देने की मांग की है।